नवगछिया : कहारपुर में कटाव जारी, 3 और घर कोसी में समाए, दर्जनों मकान नदी के मुहाने पर

0
237
नवगछिया : कहारपुर में कटाव जारी
नवगछिया : कहारपुर में कटाव जारी

नवगछिया : कहारपुर में कटाव जारी

प्रखंड के कहारपुर में कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि के बाद शुरू हुआ कटाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को गांव के प्रभाकर सिंह, बाजा शर्मा, फुलेश्वर शर्मा के पक्के मकान नदी में विलीन हो गए। इसके साथ ही दर्जनों लोगों के घर कटाव के मुहाने पर पहुंच गए हैं। जो कभी भी कट कर नदी में समा सकते हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत है। लोग अपने घरों को तोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर पलायन कर रहे हैं। ग्रामीण सनातन सिंह, कैलू शर्मा, लुछो शर्मा, जोबानी शर्मा सहित अन्य लोगों के घरों पर खतरा मंडरा रहा है।

जल संसाधन विभाग द्वारा चल रहा बचाव नाकाफी साबित हो रहा है। देवांशु सिंह, प्रकाश शर्मा, पुतुल देवी, राज लक्ष्मी देवी, सनातन सिंह, सन्नी सिंह, राम मिलन सिंह, हावो देवी, लालचंद शर्मा ने कहा कि जल संसाधन विभाग द्वारा बचाव कार्य के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। इससे लोगों में आक्रोश है। बचाव कार्य का यही रवैया रहा तो गोविंदपुर की तरह कहारपुर भी कोसी नदी की तेज धारा में समा जाएगा। पिछले तीन साल में कटाव से पांच सौ परिवार विस्थापित हो चुके हैं। इस वर्ष भी अब तक 20 घर कोसी नदी में समा चुके हैं। वहीं जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार ने कहा कि कटाव रोकने के लिए फ्लड फाइटिंग का कार्य किया जा रहा है। कटाव स्थल पर बंबू रोल दिया जा रहा है। इंजीनियरों की टीम कटाव की मॉनिटरिंग कर रही है।

खरीक : लोकमानपुर और सिंहकुंड में कटाव जारी

खरीक| लोकमानपुर आैर सिंहकुंड में कटाव का कहर जारी है। जिससे लोगों में दहशत है। सिंहकुंड में चार घर कटने के बाद कई लोगों के घर कटाव के मुहाने पर हैं जो कभी भी नदी में समा सकते हैं। वहीं, अंचल कार्यालय द्वारा गुरुवार को 12 परिवारों के बीच प्लास्टिक सीट का वितरण किया गया। इसमें चार पीड़ित परिवार और जिनके घर कटाव के मुहाने पर हैं उन्हें प्लास्टिक सीट दी गई। मौके पर भिखारी यादव, प्रमोद दास, संतोष पासवान आदि मौजूद थे।

बगजान बांध को कटाव से बचाने के लिए कार्य जारी

दयालपुर के पास बगजान बांध में कटाव के बाद जल संसाधन विभाग द्वारा रिस्टोर करने का कार्य जारी है। साथ ही बांध की सुरक्षा को देखते हुए समीप ही एक सुरक्षा बांध का भी निर्माण शुरू कर दिया गया है। जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार और फ्लड फाइटिंग फोर्स के अध्यक्ष महेंद्र कुमार सिंह की देखरेख में किया जा रहा है। विभाग के सहायक अभियंता धीरेंद्र कुमार, जेई मनोज कुमार व रंजीत कुमार कटाव स्थल पर कैंप कर रहे हैं। कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार ने कहा कि बांध 70 मीटर के दायरे में सिंक कर गया था। वहां पर अभियंता की टीम द्वारा रिस्टोर का कार्य जारी है। समीप ही 600 मीटर का सुरक्षा बांध का भी निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here